RAMP योजना के तहत जीपीएम जिले में हस्तकला उद्यमियों के लिए सेक्टर-स्पेसिफिक प्रशिक्षण सम्पन्न
आज़ाद भारत न्यूज़- GPM–बिलासपुर, छत्तीसगढ़
केंद्र सरकार की RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) के मार्गदर्शन में तथा CHOICE कंसल्टेंसी सर्विसेज के तकनीकी सहयोग से जीपीएम जिले में हस्तकला सेक्टर से जुड़े उद्यमों के लिए विस्तृत सेक्टर-स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए हस्तकला से जुड़े स्वयं सहायता समूहों, संग्राहकों, कारीगरों एवं लघु उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हस्तकला आधारित आजीविका को सुदृढ़ करना तथा पारंपरिक कौशल को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कच्चे माल के वैज्ञानिक चयन, उन्नत प्रसंस्करण तकनीक, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार, मानकीकरण, मूल्य संवर्धन, आकर्षक ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, लागत निर्धारण तथा प्रतिस्पर्धी मूल्य तय करने की व्यवहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किस प्रकार हस्तकला उत्पादों को स्थानीय हाट-बाजारों से आगे बढ़ाकर ई-मार्केटप्लेस, सरकारी संस्थागत खरीदी, प्रदर्शनियों एवं बड़े बाजारों से जोड़ा जा सकता है। प्रतिभागियों को औपचारिक बाजार से जुड़ने की प्रक्रिया, पंजीकरण, जीएसटी, गुणवत्ता प्रमाणन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अनुभवी मास्टर ट्रेनर बिरसिंह चतुर्वेदी एवं डी.सी. जुगल राम प्रधान द्वारा किया गया। उन्होंने उदाहरणों और समूह गतिविधियों के माध्यम से उद्यम विस्तार, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, समूह आधारित व्यवसाय मॉडल तथा आय वृद्धि की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रमों की आवश्यकता जताई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल हस्तकला क्षेत्र में कार्यरत लोगों के कौशल उन्नयन में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। RAMP योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा एमएसएमई एवं हस्तकला क्षेत्र को नई पहचान और मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
— आज़ाद भारत न्यूज़
GPM–बिलासपुर, छत्तीसगढ़
![]()
