खबर का असर: आंगनबाड़ी का समय बदला, मंत्री ने लिया संज्ञान
“भीषण गर्मी में बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज—मीडिया की पहल रंग लाई”
“आजाद भारत न्यूज़ और दैनिक भास्कर की खबर के बाद प्रशासन हरकत में”
बिलासपुर/बेलगहना। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों को बुलाए जाने के मामले में आखिरकार शासन-प्रशासन ने संज्ञान लिया है। लगातार उठ रही मांग, अभिभावकों की चिंता और मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित खबरों के बाद अब आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, 23 अप्रैल से 30 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति केवल सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक ही रहेगी, ताकि नौनिहालों को तेज धूप और लू के प्रभाव से बचाया जा सके। इसके बाद केंद्रों में अन्य विभागीय कार्य 11:00 बजे तक संपादित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि क्षेत्र में भीषण गर्मी के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्रों के पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अभिभावकों ने चिंता जताई थी कि सुबह 11 बजे के आसपास छुट्टी होने के कारण बच्चे तेज धूप और लू के संपर्क में आ रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ सकता है।

इस मुद्दे को आजाद भारत न्यूज़ और दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद मामला तेजी से शासन स्तर तक पहुंचा। खबरों के प्रकाशन के बाद जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल निर्णय लिया।
ज्ञात हो कि पूर्व में आंगनबाड़ी केंद्र केकराडीह में बच्चों के बीमार पड़ने की घटना भी सामने आई थी, जिसे लू के प्रभाव से जोड़कर देखा गया था। इसके बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की थी।

अब समय में बदलाव के निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आगे भी बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे संवेदनशील मामलों में समय रहते निर्णय लिए जाएंगे।
![]()
