राष्ट्रीय संयोजक गणेश राम भगत से मिले शिवमान सिंह खुशरो, संगठन विस्तार और सामाजिक विकास के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व वन एवं आदिम जाति समाज कल्याण मंत्री गणेश राम भगत सरपंच प्रतिनिधि शिवमान सिंह खुशरो ने सौजन्य मुलाकात कर संगठन विस्तार, जनजातीय समाज के उत्थान और सामाजिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान शिवमान सिंह खुशरो ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और समाज के जागरूक लोगों को जोड़ने तथा अनुसूचित जनजाति समाज के हित में व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सतत प्रयास और मजबूत संगठनात्मक ढांचे की जरूरत है।
चर्चा के दौरान आदिवासी समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही समाज के पारंपरिक अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान और नई पीढ़ी को मुख्यधारा से जोड़ने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

गणेश राम भगत ने संगठन विस्तार को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना जरूरी है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों और विकास के लिए निरंतर संघर्ष और सकारात्मक पहल की बात कही।
मुलाकात के समापन पर आत्मीय माहौल में गणेश राम भगत ने शिवमान सिंह खुशरो को पारंपरिक पागा पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने गणेश राम भगत को बिलासपुर आगमन का स्नेहिल आमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
इस मुलाकात को संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक समन्वय और जनजातीय समाज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान धीरेन यादव और जनप्रतिनिधि उपास्थित रहे।
आजाद भारत न्यूज़ बिलासपुर छत्तीसगढ़
![]()
