जीवनदीप समिति की बैठक में विधायक अटल श्रीवास्तव नाराज, अधूरे बिलों पर बैठक स्थगित
अपूर्ण दस्तावेजों और अधूरी जानकारी पर अधिकारियों को लगाई फटकार।
आजाद भारत न्यूज़- कोटा/बिलासपुर
कोटा। जीवनदीप समिति की बैठक में क्षेत्रीय विधायक एवं समिति अध्यक्ष Atal Shrivastava ने विभागीय अधिकारियों द्वारा अधूरे दस्तावेजों और अपूर्ण जानकारी के साथ बिल प्रस्तुत किए जाने पर नाराजगी जताई। वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रस्तावों की समीक्षा के दौरान कई मामलों में आवश्यक दस्तावेज और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
बैठक में विधायक ने कहा कि समिति के समक्ष रखे जाने वाले सभी प्रस्ताव और बिल पूरी तैयारी, आवश्यक अभिलेखों तथा नियमानुसार प्रक्रिया के साथ प्रस्तुत किए जाने चाहिए। अधूरी जानकारी के आधार पर किसी भी प्रकार का निर्णय लेना उचित नहीं है और इससे जनहित प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों और बिलों की पुनः जांच कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाए। दस्तावेजों में कमियां पाए जाने और कई बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया।
अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या जानकारी छिपाकर कार्य करने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि समिति को पूरी जानकारी दिए बिना कोई भी प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रस्तुत न किया जाए।

बैठक के दौरान नवीन सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। विधायक ने निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी प्रवेश पैकरा, बीएमओ डॉ. निखिलेश्वर गुप्ता, बीपीएम श्वेता सिंह, नगर पालिका परिषद कोटा अध्यक्ष सरोज साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरज भारद्वाज, नगर पालिका परिषद रतनपुर अध्यक्ष लवकुश कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, विधायक प्रतिनिधि प्रतीक त्रिवेदी, शिवदत्त पांडे, कुलवंत सिंह, शिवदयाल निर्मलकर, अश्वनी टोडर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
