अमाली एवं आसपास के ग्रामीणों ने एक स्वर में किया कोल वाशरी का विरोध, हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
कोटा। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमाली में मेसर्स विराज अर्थ फ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित कोल वाशरी परियोजना के लिए आयोजित जनसुनवाई के दौरान भारी विरोध देखने को मिला। अमाली, बिलीबंद, खुरदुर, नवागांव, सलका सहित आसपास के प्रभावित गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में जनसुनवाई स्थल पर पहुंचे और परियोजना के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
ग्राम पंचायत अमाली के सरपंच मोनू सिंह, उपसरपंच श्याम यादव एवं पंचों ने एक स्वर में कोल वाशरी का विरोध करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के पर्यावरण, जल स्रोतों और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने प्रशासन और कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनसुनवाई का आयोजन नियमों के विपरीत कंपनी की निजी भूमि पर किया गया, जबकि इस प्रकार की जनसुनवाई किसी शासकीय स्थल पर आयोजित की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कोल वाशरी के समीप शासकीय महाविद्यालय संचालित है तथा अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र भी नजदीक स्थित है। इसके अलावा पेसा एक्ट लागू होने के बाद ग्रामसभा की सहमति आवश्यक है, लेकिन ऐसा कोई प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किया गया।


शुक्ला ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने अंबिकापुर और कोरबा सहित अन्य क्षेत्रों से लोगों को बुलाकर परियोजना के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में केवल प्रभावित क्षेत्र के लोगों की राय को महत्व दिया जाना चाहिए, लेकिन बाहरी लोगों की उपस्थिति ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों के आधार कार्ड की जांच की जा रही थी, जबकि बाहर से आए लोगों और बाउंसरों को बिना रोक-टोक प्रवेश दिया गया। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जनसुनवाई के दौरान कई बार तनावपूर्ण स्थिति भी निर्मित हुई।
संदीप शुक्ला ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापक जनविरोध के बावजूद कोल वाशरी परियोजना को अनुमति दी जाती है तो प्रभावित ग्रामीणों के साथ मिलकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी और कानूनी लड़ाई लड़कर परियोजना को बंद कराया जाएगा।
कोल वाशरी के विरोध में जिला पंचायत सदस्य रजनी मरकाम, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी प्रभु जगत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आदित्य दीक्षित, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, संतोष गुप्ता, कुलवंत सिंह, अफजल खान, कमलू कश्यप, पार्षद कान्हा गुप्ता, एनएसयूआई सचिव लकी मिश्रा, पूर्व सरपंच कपूर भानु, पूर्व सरपंच सूर्यभान तंवर, हैप्पी गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, महिला कांग्रेस अध्यक्ष वीणा मसीह, पूर्व अध्यक्ष माया मिश्रा, आशीष मिश्रा, पंच दुर्गेश सिंह, पंच पवन सिंह, पंच गिरधारी, पंच संतराम, पूर्व जनपद सदस्य जवाहर ध्रुव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
आजाद भारत न्यूज़
कोटा, बिलासपुर
![]()
