दूरियां हुई कम, 45 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल, अब स्कूल का सफर होगा आसान
आजाद भारत न्यूज़- प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट।
खोंगसरा,कोटा (बिलासपुर)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, खोंगसरा में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की 45 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। दूर-दराज के गांवों से प्रतिदिन विद्यालय आने वाली बालिकाओं के लिए अब विद्यालय तक का सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो सकेगा।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहित जायसवाल (जिला अध्यक्ष, भाजपा) थे। अध्यक्षता निरंजन पैकरा (जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति) ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजेश कश्यप (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा), रामेश्वर सिंह राजपूत (मंडल अध्यक्ष, भाजपा), लखन पैकरा (सरपंच संघ अध्यक्ष, कोटा), महराज सिंह नायक (कार्यालय मंत्री, भाजपा), विमल दास, जनपद सदस्य कांति बलराम मरावी, खोंगसरा सरपंच कलेशिया बाई, दिगंबर रोहणी, सरपंच प्रतिनिधि लोचन सिंह, शिवमान सिंह, उपसरपंच प्रीतम सिंह, अजहर खान, चितरंजन शर्मा, धिरन्त यादव, प्रकाश यादव, सुमित पाटनवार तथा सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार राठौर,प्रेमलाल राठौर उपस्थित रहे।



कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य दुजलाल लहरे एवं कौशल कुर्रे एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी योजना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी तथा वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और किसी भी छात्रा की पढ़ाई दूरी के कारण प्रभावित न होने देना है।
प्रभारी प्राचार्य दुजलाल लहरे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह योजना बालिकाओं के शैक्षणिक जीवन को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने खुशी के साथ अपनी नई साइकिलें प्राप्त कीं। अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी शासन की इस योजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में बालिका शिक्षा को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

रिपोर्ट: आजाद भारत न्यूज़
![]()