कोटा में बढ़ते मलेरिया संक्रमण पर विधायक अटल श्रीवास्तव सक्रिय, कलेक्टर से की मुलाकात
स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
कोटा-बिलासपुर से आजाद भारत न्यूज़-प्रदीप शर्मा की रिपोर्ट
बिलासपुर/कोटा। कोटा विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मलेरिया संक्रमण को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर प्रभावित गांवों में तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को भी पत्र भेजकर क्षेत्र में जांच, उपचार और बचाव के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने बताया कि कोटा विधानसभा क्षेत्र सुदूर वनांचल और आदिवासी बहुल इलाका है, जहां बारिश के मौसम में मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित कई मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में भी इन बीमारियों के कारण कई ग्रामीणों की जान जा चुकी है, इसलिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।

उन्होंने कलेक्टर के समक्ष मांग रखी कि मलेरिया प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, संवेदनशील क्षेत्रों में लगभग 5,000 मच्छरदानियों का वितरण किया जाए तथा बेलगहना या केंदा क्षेत्र में 108 एंबुलेंस की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, जांच सामग्री, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में नियमित फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और प्रभावित गांवों की सतत निगरानी की भी मांग की गई।

इस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक को बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मरीजों की जांच और उपचार के साथ मोबाइल एंबुलेंस की सुविधा भी संचालित की जा रही है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि कोटा क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए केवल सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं पर्याप्त नहीं हैं। मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष और स्थायी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना समय की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर कोटा विधानसभा क्षेत्र में मलेरिया की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और बचाव के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

![]()