कबड्डी के मैदान से जनसंवाद तक: विधायक अटल श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, बाढ़ पीड़ित किसानों और ग्रामीणों को दी बड़ी सौगातें
खोंगसरा(कोटा-बिलासपुर) आजाद भारत न्यूज़ प्रदीप शर्मा की रिपोर्ट
कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत मोहली में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में सहभागिता कर न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। खेल मैदान में विधायक की मौजूदगी से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और ग्रामीणों ने इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
खेल अनुशासन और स्वस्थ समाज की नींव – विधायक
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि “खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है। यह केवल शरीर ही नहीं, बल्कि मन को भी मजबूत बनाता है। युवा अवस्था में मैं स्वयं खेलों से जुड़ा रहा हूँ, और आज जब युवाओं को मैदान में पूरे जोश के साथ खेलते देखता हूँ, तो अपने युवा दिनों की यादें ताज़ा हो जाती हैं।”
उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं को नशा, अपराध और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखा जा सकता है।
आयोजन समिति को सम्मान, खिलाड़ियों के लिए इनाम की घोषणा
विधायक ने कबड्डी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल समिति और ग्राम पंचायत को बधाई दी। साथ ही खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से पुरस्कार राशि एवं सम्मान देने की घोषणा की, जिससे खिलाड़ियों में भविष्य में भी खेलों से जुड़े रहने का संकल्प मजबूत हुआ।

बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत: सरगोड़ नाला में बनेगी प्रोटेक्शन वॉल
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने किसानों के लिए राहत भरी घोषणा करते हुए बताया कि बीते मानसून में सरगोड़ नाला की बाढ़ से सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने प्रभावित गांवों का स्वयं दौरा कर प्रशासन से क्षति सर्वे कराया।
उन्होंने बताया कि सरगोड़ नाला में साजादाहरा से तुलुफ के मध्य प्रोटेक्शन वॉल निर्माण का स्टीमेट तैयार हो चुका है और इसे वित्त विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जिससे भविष्य में नदी कटाव रुकेगा और बारिश का पानी तेजी से बाहर निकलेगा। इससे किसानों की भूमि सुरक्षित होगी और फसल नुकसान की समस्या से राहत मिलेगी।

पेयजल संकट पर त्वरित फैसला: 5000 लीटर पानी टैंकर की घोषणा
ग्राम आमागोहन के सरपंच संजय अनिता गोंड ने मंच से पाँच पंचायतों में सामाजिक कार्यों एवं पेयजल आपूर्ति के लिए पानी टैंकर की मांग रखी।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने मांग को गंभीरता से लेते हुए मंच से ही स्वीकृति प्रदान की और 5000 लीटर क्षमता के पानी टैंकर को शीघ्र उपलब्ध कराने की घोषणा की।
इस निर्णय पर ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।


अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का बड़ा ऐलान
विधायक ने बताया कि आगामी 23, 24 और 25 जनवरी को कोटा विधानसभा क्षेत्र में अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए होगी, जिसमें देशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे।
उन्होंने क्षेत्र के सभी खिलाड़ियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और खेल भावना का परिचय देने का आह्वान किया।
जनवरी–फरवरी में मिलेंगे विधायक निधि के पैसे, विकास कार्य होंगे पूरे
विधायक ने मंच से स्पष्ट किया कि “जनवरी और फरवरी माह में विधायक निधि की राशि प्राप्त होगी, जिससे क्षेत्र में प्रस्तावित सभी विकास कार्यों—सड़क, नाली, सामुदायिक मंच और स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं—को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।”
रेलवे ठेकेदारों के अवैध उत्खनन पर सख्त रुख
दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम आमागोहन में रेलवे ठेकेदारों द्वारा किए गए अवैध उत्खनन स्थल का निरीक्षण किया।
स्थानीय भूमि स्वामी ने आरोप लगाया कि राजस्व अमले के दबाव में आकर उनकी भूमि से अवैध खनन कराया गया और हजारों हाइवा मिट्टी रेलवे को बेची गई।
विधायक ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।


ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
सीसी रोड निर्माण
नाली निर्माण
सामुदायिक मंच निर्माण
स्कूलों में पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएँ
कार्यक्रम में रही व्यापक सहभागिता
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पांडेय, राकेश तिवारी, अजहर खान, विधिराम, सचिन साहू, चितरंजन शर्मा, राजेश पांडेय, राम गंधर्व, जनपद सदस्य कांति बलराम मरावी, सरपंच आमागोहन, मोहली, टाटीधार, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता, खेल खिलाड़ी और सैकड़ों ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बिटकुली बाजार में राउत नाचा और सामाजिक सम्मान से हुआ विधायक का भव्य स्वागत
दौरे के अंतिम चरण में विधायक अटल श्रीवास्तव का बिटकुली बाजार में भव्य एवं पारंपरिक स्वागत किया गया। बिटकुली पंचायत की माताओं-बहनों ने विधायक का आरती उतारकर आत्मीय स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर यादव समाज एवं ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। अपने नित्य और सांस्कृतिक प्रदर्शन के माध्यम से समाज के लोगों ने विधायक का स्वागत-सम्मान करते हुए क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति का परिचय दिया और विधायक का मान बढ़ाया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता ही हमारी पहचान है, और इसी से समाज मजबूत बनता है।”






![]()
