ग्राम पंचायत कुरवार में नशा मुक्ति,पूर्ण शराब बंदी व साइबर जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित।
आजाद भारत न्यूज़ बिलासपुर।
जिला पुलिस बिलासपुर के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुरवार में नशा मुक्ति, पूर्ण शराब बंदी, यातायात जागरूकता एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते नशे, साइबर फ्रॉड एवं सड़क दुर्घटनाओं के प्रति लोगों को सचेत करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर उपस्थित रहीं। उनके साथ अंशिका जैन, आईपीएस अधिकारी, नूपुर उपाध्याय, एसडीओपी कोटा तथा हेमंत सिंह, चौकी प्रभारी बेलगहना भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने नशा मुक्त गांव की संकल्पना पर जोर देते हुए पूर्ण शराब बंदी को सामाजिक आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान “साइबर की पाठशाला” के अंतर्गत साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना, ऑनलाइन ठगी के प्रमुख कारण हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। वहीं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व पर प्रकाश डाला।

चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने ग्रामीणों से पुलिस के साथ सहयोग करने, नशा कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना देने तथा गांव को सुरक्षित व स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


कार्यक्रम में 300 से अधिक ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिनमें बड़ी संख्या में युवा वर्ग, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल थे। ग्रामीणों ने नशा मुक्ति, पूर्ण शराब बंदी, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी जानकारी को गंभीरता से सुना और इसे अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।

![]()
