मर्ग जांच के नाम पर पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी, ACB की बड़ी कार्रवाई
चौकी प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार, ASI को घर से दबोचा
रायपुर/सरगुजा | 24 फरवरी 2026
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की सरगुजा टीम ने कोरिया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बचरापोड़ी पुलिस चौकी के पदस्थ चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ और सहायक उप निरीक्षक (ASI) गुरु प्रसाद यादव को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया चौकी प्रभारी
ACB के अनुसार, चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता पूर्व नियोजित योजना के तहत राशि लेकर चौकी पहुंचा था। जैसे ही रकम सौंपी गई, पहले से मौजूद ACB टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर रिश्वत की राशि जब्त की गई।
ASI को घर से किया गया गिरफ्तार
ट्रैप कार्रवाई के कुछ ही समय बाद ACB टीम ने पूर्व में उसी चौकी में पदस्थ रहे ASI गुरु प्रसाद यादव को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि प्रारंभिक रूप से रिश्वत की मांग ASI द्वारा ही की गई थी।
पहले 50 हजार की मांग, फिर 25 हजार में सौदा
जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी को ASI गुरु प्रसाद यादव ने एक मर्ग प्रकरण की जांच को प्रभावित करने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसी बीच उनका तबादला हो गया। इसके बाद 23 फरवरी को चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर 24 फरवरी को 25 हजार रुपये लेकर चौकी आने को कहा।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना ACB को दी, जिसके बाद सरगुजा टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
मर्ग जांच के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
यह मामला बचरापोड़ी निवासी सत्येंद्र कुमार प्रजापति से जुड़ा है। उनके घर निर्माण के दौरान मजदूर मोहित धरिया ईंट बनाने का कार्य कर रहा था। खुदाई के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद दर्ज मर्ग प्रकरण की जांच को प्रभावित करने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

![]()
