मरही माता दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं पर हमला, महिला-पुरुष सहित कई घायल,पुलिस मौजूद
संकरी सड़क पर साइड देने में देरी बनी विवाद की वजह, बेलगहना चौकी पुलिस को सूचना।
खोंगसरा/बेलगहना,
रविवार: मरही माता दर्शन कर अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं के एक परिवार पर रास्ते में अज्ञात युवकों द्वारा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में परिवार की महिलाओं और पुरुषों सहित कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आमागोहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की सूचना बेलगहना चौकी पुलिस को दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक परिवार मरही माता मंदिर में दर्शन करने के बाद पिकअप वाहन और कार सहित अलग-अलग वाहनों में अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान खोंगसरा-पेंड्रा मार्ग पर एक संकरी सड़क में पीछे से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने साइड देने के लिए दबाव बनाया। सड़क संकरी होने के कारण सामने चल रहे वाहन को तत्काल साइड देने में कुछ समय लग गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात पिकअप वाहन में सवार युवकों ने कुछ दूरी आगे जाकर श्रद्धालुओं के वाहन को जबरन रुकवाया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो हमलावरों ने महिलाओं और पुरुषों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस अचानक हुए हमले से परिवार के सदस्य घबरा गए और किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान की तलाश में आमागोहन-खोंगसरा क्षेत्र में रुके।
घटना के बाद डरे-सहमे परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए आमागोहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन रविवार होने के कारण वहां तत्काल समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। स्थानीय स्तर पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी और नर्स से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इससे घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार मिलने में परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरही माता दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इससे पहले भी इस मार्ग पर दुर्घटनाओं और विवाद की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस ताजा घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है।
लोगों ने मांग की है कि खोंगसरा-पेंड्रा मार्ग पर पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, एक स्थायी पुलिस सहायता केंद्र या चौकी स्थापित की जाए, तथा आपात स्थिति में तत्काल मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत करने की आवश्यकता जताई गई है, ताकि दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को संकट के समय तत्काल इलाज मिल सके।

फिलहाल बेलगहना चौकी पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। बेलगहना पुलिस पहुंच चुकी है।112 से कार्यवाही जारी है। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आना बाकी है।
प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट
![]()
