May 23, 2026

सुशासन शिविर का जमकर विरोध!”बिना मांगे शराब दुकान खोली जा रही, मांगने पर भी कॉलेज नहीं” — संदीप शुक्ला

0
file_000000003e2471fab9e19389b87905383476211601705915776.png

सुशासन शिविर के सामने ढोल-नगाड़ा बजाकर विरोध प्रदर्शन

आजाद भारत न्यूज़ कोटा-बिलासपुर

कोटा/मिठू नवागांव। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिठू नवागांव में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन शिविर के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता संदीप शुक्ला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। झुलसाती गर्मी के बीच सैकड़ों ग्रामीण सरकार विरोधी नारे लगाते हुए ढोल-नगाड़ों के साथ शिविर स्थल पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।


प्रदर्शन के दौरान संदीप शुक्ला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बिना स्थानीय मांग के गांवों में शराब दुकानें खोल रही है, जबकि लंबे समय से क्षेत्र में कॉलेज और सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के लोगों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार कर रही है और क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा से वंचित रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कॉलेज खोलने की घोषणा किए एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में आम जनता द्वारा दिए जाने वाले आवेदनों के निराकरण पर सवाल खड़े होते हैं।


संदीप शुक्ला ने सुशासन शिविर की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री ईंधन बचत और वर्क फ्रॉम होम की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर सैकड़ों वाहनों के साथ अधिकारी शिविर में पहुंचकर ईंधन की बर्बादी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी अपने कार्यालयों में ईमानदारी से काम करें तो ऐसे शिविरों की आवश्यकता ही नहीं पड़े।


प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, तहसीलदार रोशन साहू सहित पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन को पूर्व में अमने और बहेरामुड़ा गांव में हुए विरोध प्रदर्शनों की पुनरावृत्ति की आशंका थी।


संदीप शुक्ला ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बेलगहना में कॉलेज खोलने, सहकारी बैंक शाखा प्रारंभ करने, किसानों के भू-अर्जन मुआवजा प्रकरणों का निराकरण, अघोषित बिजली कटौती रोकने तथा वित्त मंत्री द्वारा आवास निर्माण के लिए रेत मुफ्त देने की घोषणा पर अमल कराने जैसी मांगें रखीं। साथ ही समयसीमा में निराकरण नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी।
इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी उद्देश्य, आशीष मिश्रा, मनोज बाजपेयी, हैप्पी गुप्ता, शिवदत्त पांडेय, रवि प्रताप सिंह, मोनू दास मानिकपुरी, डॉ. ए.के. राय, भुवन पटेल, कपिल जायसवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


आजाद भारत न्यूज़ से प्रदीप शर्मा की रिपोर्ट

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page