लोक सेवा गौरव सम्मान समारोह में समाज की उत्कृष्ट विभूतियों का हुआ सम्मान
ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ के प्रदेश स्तरीय ‘लोक सेवा गौरव सम्मान समारोह’ में समाज की उत्कृष्ट विभूतियों का हुआ सम्मान।
आजाद भारत न्यूज़-बिलासपुर छत्तीसगढ़-
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को जनसेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक भव्य और गरिमामय आयोजन का आयोजन किया गया। ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित बंसीवाला होटल में प्रदेश स्तरीय “लोक सेवा गौरव सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रदेशभर से जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद, समाजसेवी, सांस्कृतिक कार्यकर्ता, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बिल्हा की पूर्व अध्यक्ष गीतांजलि जितेंद्र कौशिक ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार अमित मिश्रा एवं रमन दुबे उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि राजेश सूर्यवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना वास्तव में समाज की सेवा भावना और सकारात्मक मूल्यों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक, पत्रकार, समाजसेवी, कलाकार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और ऐसे लोगों का सम्मान अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही गीतांजलि जितेंद्र कौशिक ने कहा कि सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण, त्याग और उत्कृष्ट कार्यों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। वरिष्ठ पत्रकार अमित मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार रमन दुबे ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लोगों का सम्मान सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
द्वितीय सत्र में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाटापारा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने की। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु अति विशिष्ट अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाटापारा नगर पालिका परिषद की सभापति दीपा दशरथ साहू तथा नगर पालिका परिषद कोटा की अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू उपस्थित रहीं।


महापौर पूजा विधानी ने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि जब समाज अपने श्रेष्ठ व्यक्तित्वों को सम्मान देता है तो नई पीढ़ी को भी सकारात्मक दिशा और प्रेरणा मिलती है। अध्यक्षीय उद्बोधन में अश्विनी शर्मा ने कहा कि अनेक लोग बिना किसी अपेक्षा के वर्षों से जनसेवा में लगे हुए हैं और ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना समाज का दायित्व है। रमेश यदु ने सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
समारोह के दौरान शिक्षा, पत्रकारिता, समाज सेवा, संस्कृति, कला, पुलिस एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अनेक व्यक्तित्वों तथा शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान सामग्री प्रदान की गई। सम्मान समारोह के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा और सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ, छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष हरीश चौबे, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश महासचिव एवं सर्वव्यापी समाचार पत्र के संपादक तरुण कौशिक, प्रदेश कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव, प्रदेश सलाहकार प्रदीप शर्मा, संरक्षक रमेश पांडेय, कृष्णा पांडेय, जुगल किशोर तिवारी, बलौदाबाजार-भाटापारा जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर पुरोहित, भाटापारा अध्यक्ष शंकर सोनी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला सचिव नूर मोहम्मद खान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रदेशाध्यक्ष हरीश चौबे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर उनके कार्यों को नई पहचान देना तथा समाज में सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक ने समारोह की सफलता पर सभी अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और विश्वास के कारण यह आयोजन ऐतिहासिक, गरिमामय एवं सफल बन सका। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में राजधानी रायपुर में इससे भी अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।



प्रदेश स्तरीय “लोक सेवा गौरव सम्मान समारोह” ने यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बिलासपुर में आयोजित यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनकर लंबे समय तक याद किया जाएगा।

![]()
