टेंगनमाड़ा में 40 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ा उत्साह
आजाद भारत न्यूज़-प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट
कोटा/टेंगनमाड़ा। विकासखंड कोटा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेंगनमाड़ा में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 40 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य शंकरलाल सोनी उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम पंचायत करका की सरपंच श्रीमती अनीता सिंह, शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजय साहू, समिति के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार मिश्रा तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि शंकरलाल सोनी ने नवप्रवेशी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया और साइकिल वितरित करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्राओं ने कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी और पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। कार्यक्रम का समापन छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

![]()