300 क्विंटल राशन गड़बड़ी का आरोप, खाद्य विभाग के कार्यों पर उठे सवाल,ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग, 3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी
कोटा,बिलासपुर-आजाद भारत न्यूज़-
कोटा, बिलासपुर। कोटा जनपद क्षेत्र के नवागांव (सलका) स्थित सहकारी विपणन संस्था के उपकेंद्र (राशन दुकान) में राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

जनपद सदस्य धर्मेंद्र देवांगन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले लगभग 6 माह से पात्र हितग्राहियों को पूरा राशन नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन के अनुसार जुलाई माह में केवल लगभग 20 प्रतिशत राशन वितरित किया गया, जबकि शेष 80 प्रतिशत राशन का वितरण नहीं हुआ। आरोप है कि पिछले छह महीनों में करीब 300 क्विंटल राशन में गड़बड़ी हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


ज्ञापन में मांग की गई है कि पिछले छह माह के राशन वितरण का पूरा लेखा-जोखा जांचा जाए, हितग्राहियों को बकाया राशन तत्काल उपलब्ध कराया जाए तथा यदि गबन की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही खाद्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उनकी भूमिका की जांच की मांग की गई है।
इस दौरान अली बाबा कश्यप, मनोज मरावी (जनपद सदस्य), प्रतिनिधि सचिन साहू एवं नेतु यादव भी मौजूद रहे।
जनपद सदस्य धर्मेंद्र देवांगन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर शिकायत का निराकरण एवं जांच प्रारंभ नहीं की गई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब हितग्राहियों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आजाद भारत न्यूज़
![]()