जंगल से लगे धान के खेत में झटका करंट की चपेट में आया हाथी शावक, दर्दनाक मौत
आजाद भारत न्यूज़ अंबिकापुर (उदयपुर)
उदयपुर। उदयपुर ब्लॉक के करमकठरा जंगल से लगे अलकापुरी के समीप धान के खेत में लगाए गए झटका तार (विद्युत करंट) की चपेट में आने से एक हाथी शावक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने क्षेत्र के लोगों और वन्यजीव प्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है।
बताया जा रहा है कि जंगल से लगे खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए किसानों द्वारा झटका तार लगाया गया था। इसी तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से हाथी शावक की मृत्यु होने की बात सामने आ रही है। घटना की जानकारी के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, उदयपुर ब्लॉक में हाथी की मृत्यु की यह पहली घटना बताई जा रही है। वन्यजीवों की सुरक्षा की दृष्टि से यह घटना बेहद गंभीर मानी जा रही है। हाथी शावक की मौत से वन्यजीव प्रेमियों में भी आक्रोश है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग उठ रही है।
वन विभाग और पुलिस प्रशासन से जांच की मांग
घटना को लेकर मांग की जा रही है कि वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन मौके का गहन निरीक्षण और पंचनामा कर घटना के वास्तविक कारणों की जांच करें। खेत में झटका तार किस प्रकार लगाया गया था, उसमें करंट कहां से और किस माध्यम से प्रवाहित हो रहा था तथा क्या निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था—इन सभी बिंदुओं की जांच की जाए।
यदि जांच में वन्यजीव सुरक्षा नियमों का उल्लंघन या लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
हाथी शावक की इस तरह मौत केवल एक वन्यजीव की क्षति नहीं, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
यह घटना वास्तव में दिल को झकझोर देने वाली और बेहद दुःखद है।

आजाद भारत न्यूज़
खबर वही, जो सवाल उठाए
![]()