कोटा तहसील अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी गठित, सुनील साहू बने अध्यक्ष
कोटा-बिलासपुर आजाद भारत न्यूज़-
अधिवक्ता हित, न्यायिक सामंजस्य और आधारभूत सुविधाओं के सशक्तिकरण का लिया संकल्प।
कोटा। कोटा तहसील अंतर्गत अधिवक्ता संघ की नवीन कार्यकारिणी का विधिवत गठन कर इसकी सूचना राज्य विधिक परिषद एवं कोटा व्यवहार न्यायालय को प्रेषित कर दी गई है। इस नवीन कार्यकारिणी में सुनील साहू को सर्वसम्मति से अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मनोज बघेल को सचिव, अंजू लता सोनवानी एवं जितेन्द्र कुर्रे को उपाध्यक्ष तथा विजय पोतें को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य अधिवक्ताओं को भी कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अधिवक्ता समुदाय में उत्साह का माहौल है। संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में न्याय, नैतिक मूल्यों की रक्षा, अधिवक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए ठोस पहल शामिल रहेगी।
सुनील साहू ने आगे कहा कि न्यायालय और बार के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना, अधिवक्ताओं की दैनिक समस्याओं का त्वरित समाधान, तथा बार के आधारभूत ढांचे—जैसे बैठने की व्यवस्था, पुस्तकालय, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं—में सुधार उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी सदस्यों को साथ लेकर संघ को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

अंत में उन्होंने संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग और एकजुटता से ही अधिवक्ता संघ अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकता है।
— आजाद भारत न्यूज़ के साथ

![]()
