खंडहर मकान में मिली युवती की क्षत-विक्षत लाश का खुलासा, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार – प्रेम प्रसंग छुपाने के लिए की गई थी हत्या
आजाद भारत न्यूज़ | अनूपपुर
दो दिन पूर्व जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंवारी स्थित एक खंडहर मकान में मिली युवती की क्षत-विक्षत लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मृतिका का मोबाइल भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है।
घटना का विवरण
सूचनाकर्ता रामखेलावन राठौर (पिता स्व. लल्लू लाल राठौर, निवासी जैतहरी) ने बताया कि उनका ग्राम गुंवारी में पुराना मकान और खेती-बाड़ी है, जिसकी देखरेख के लिए वह समय-समय पर जाते रहते हैं।
दिनांक 15/03/2026 को सुबह जब वे अपने खेत और पेड़-पौधों को देखने गए, तो खंडहर मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। आसपास मौजूद लोगों को बुलाकर जब अंदर देखा गया, तो कमरे में एक सड़ी-गली अवस्था में महिला का शव पड़ा मिला।
शव के पास काले रंग की जूती और पर्स भी मिले। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था, हाथ-पैर के पंजे तक गायब थे और शरीर का मांस सड़ चुका था। पहनावे से महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही थी।

जांच और पहचान
सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान (अनूपपुर) द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
एसडीओपी पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी एवं फोरेंसिक टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया।
शव के पास मिले सामान एवं पूर्व में दर्ज गुमशुदगी (दिनांक 18/02/2026) के आधार पर मृतिका की पहचान काजल पुरी (उम्र 24 वर्ष, निवासी लपटा) के रूप में की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया सिर में गंभीर चोट के कारण मृत्यु होना बताया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मृतिका के परिजनों ने बताया कि काजल का संबंध रवि उर्फ ठाकुर साहब (चन्द्रभान राठौर) से था। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा था।
दिनांक 17/02/2026 को काजल घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थी, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद था। परिजनों को संदेह था कि उसी युवक ने घटना को अंजाम दिया है।

साइबर जांच से खुला राज
पुलिस ने साइबर तकनीक के माध्यम से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया, जिससे आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि:
करीब 6 माह पहले फेसबुक के माध्यम से काजल से दोस्ती हुई थी
दोनों के बीच प्रेम संबंध और शारीरिक संबंध बने
काजल लगातार शादी का दबाव बना रही थी
बदनामी और शादी से बचने के लिए उसने हत्या की योजना बनाई
कैसे दिया वारदात को अंजाम
दिनांक 17/02/2026 को आरोपी काजल को मोटरसाइकिल से ग्राम गुंवारी के सुनसान खंडहर मकान में ले गया और सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद साक्ष्य छुपाने के लिए:
मोबाइल की सिम तोड़कर फेंक दी
मोबाइल को अपनी कियोस्क दुकान में छुपा दिया
48 घंटे में गिरफ्तारी, सामान बरामद
जैतहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चन्द्रभान राठौर उर्फ रवि उर्फ ठाकुर साहब को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से:
मृतिका का मोबाइल फोन
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बरामद कर ली है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इन अधिकारियों की रही भूमिका
यह संपूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम के निर्देशन एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के नेतृत्व में की गई।
टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक अमर वर्मा, उपनिरीक्षक अमरलाल यादव, सहायक उपनिरीक्षक विनोद विश्वकर्मा, सुरेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक श्याम शुक्ला, विजयनंद पाण्डेय, आरक्षक मनीष सिंह तोमर, विजय प्रताप सिंह, रामेश्वर शर्मा, महिला आरक्षक मंजू भट्ट एवं साइबर सेल अनूपपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(आजाद भारत न्यूज़)
![]()
